श्रीगंगानगर : सक्षम जिला इकाई, श्रीगंगानगर द्वारा आज जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों को राशन सामग्री किट वितरित की गई। शंकर कॉलोनी चतुर्थ स्थित नवचेतना बहुदिव्यांग संस्थान श्रीगंगानगर के प्रांगण में सेवा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. संजीव चुघ व समाजसेवी इन्द्रजीत कोचर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सक्षम जिलाध्यक्ष रंजय कुमार व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश बवेजा द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए उनके अभिभावकों को राशन सामग्री किट सौंपी गई। सहसचिव विनोद कुमार सहारण ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के श्रीजगदम्बा अंधविद्यालय, मानसी जन कल्याण संस्थान तथा नव चेतना बहुदिव्यांग संस्थान के दिव्यांग बच्चों को राशन सामग्री प्रदान की गई है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सेवा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. संजीव चुघ व समाजसेवी इन्द्रजीत कोचर ने कहा कि जरूरतमंदों व दिव्यांगों की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा है। सेवा करते समय कभी भी अहंकार का भाव नहीं रखना चाहिए, बल्कि निमित्तमात्र मानकर निष्काम भाव से सेवा करनी चाहिए। टीम वर्क तथा संगठन की भावना से सेवा करने से हम अधिकाधिक जरूरतमंदों को लाभान्वित कर सकते हैं। सक्षम जिलाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने सक्षम संस्थान द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष ओम बवेजा ने बताया कि आने वाले समय में श्रीगंगानगर जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए सक्षम दिव्यांग केन्द्र खोला जाएगा, जिसमें सभी प्रकार के दिव्यांगजनों की समस्याओं का निराकरण करवाकर उन्हें राहत प्रदान की जाएगी तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर सक्षम जिला इकाई पदाधिकारी, सदस्य, दिव्यांग बच्चे, अभिभावकगण एवं गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।




0 टिप्पणियाँ