राजस्थान समाचार : श्रीगंगानगर -सरकारी आईडी से चुनाव नहीं हुए तो करेंगे विरोध, अंकुर मगलानी समर्थकों व संघर्ष समिति ने चेताया, प्रशासन से भी की निष्पक्ष व शांतिपूर्व करवाने की अपील

श्रीगंगानगर। अरोड़वंश ट्रस्ट अध्यक्ष पद के लिये 23 मई को होने वाले चुनाव सरकारी आईडी से होने चाहिए, अगर सरकारी आईडी से ये चुनाव नहीं हुए तो संघर्ष समिति व अंकुर मगलानी समर्थक विरोध करेंगे। यह चेतावनी बुधवार को अंकुर समर्थको व संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व समाज के गणमान्य नागरिकों ने प्रैस वार्ता के दौरान दी। होटल प्रतीक प्लाजा में आयोजित पै्रस वार्ता में पत्रकारों से रूबरू होते हुए अंकुर मगलानी व उनके दर्जनों समर्थकों तथा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने प्रतिद्वंद्वी गुट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब हाल ही में जो पांच हजार नये वोटर उनके द्वारा बनाये गये हैं, उनमें भी बड़े स्तर पर धांधलेबाजी की गई है। किसी भी फार्म को प्रतिद्वंद्वी गुट द्वारा पूरा नहीं भरा गया।

इसके अलावा पंजाब के मलोट, मुक्तसर सहित अनेक शहरों में रहने वाले लोगों के भी फर्जी तरीके से वोट बना दिये गये। प्रेस वार्ता में उन्होंने कई फार्म भी दिखाये जिनमें आईडी कार्ड पंजाब का लगा हुआ था। इसके अलावा अधिकतर फार्मों में वोटर का सही पता भी नहीं भरा गया। उदाहरण के लिये अगर कोई पुरानी आबादी निवासी का वोट बनाया गया है तो फार्म में सिर्फ पुरानी आबादी ही लिखा गया है। उसका वार्ड नंबर, गली नंबर या घर का पूरा पता नहीं लिखा गया। अब पुरानी आबादी तो लंबी चौड़ी है। इस तरह नये वोटों में गड़बड़ी हुई है।  प्रतिद्वंद्वी गुट का कहना है कि उन्होंने पांच हजार वोट सही बनाये हैं। यदि सही हैं तो पूरे समाज के सामने वे पांच हजार वोटों की निष्पक्ष जांच करवा दें तो संघर्ष समिति उनके दावे को सही मान लेगी।

सरकारी आईडी से चुनाव करवाने में क्या दिक्कत?

प्रेस वार्ता में संघर्ष समिति के पदाधिकारी ने कहा कि जिस तरह हम निष्पक्ष चुनाव करवाने की दुहाई दे रहे हैं, उस तरह प्रतिद्वंद्वी गुट यह मांग क्यों नहीं कर रहा? फिर सरकारी आईडी पर चुनाव करवाने में प्रतिद्वंद्वी गुट को परेशानी क्यों हो रही है? यदि मूलचंद गेरा स्वयं को ईमानदार बताते हैं तो फिर क्यों नहीं आगे आकर कहते कि सरकारी आईडी से चुनाव होने चाहिये। इसका मतलब मूलचंद गेरा को कहीं न कहीं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नुकसान होने की आशंका है। अगर सरकारी आईडी से वोटिंग हुई तो निश्चित रूप से सही वोटर ही वोट पोल करेगा  तो फिर मूलचंद गेरा को डर किस बात का है? इसके अलावा संघर्ष समिति ने प्रशासन से भी इन चुनावों को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने की मांग की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वे कल गुरुवार को जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी यह मांग रखेंगे। प्रेस वार्ता में पूर्व अध्यक्ष रमेश मक्कड़, ज्ञानचंद नागपाल, नरेश सेतिया, एडवोकेट अजय मेहता, काला वधवा, डॉ. हरीश रहेजा, राजकुमार खुंगर, सन्नी नागपाल, पार्षद कमल नारंग, कमल चराया, नीरज कटारिया, सोनू अनेजा,   अमित फुटेला सहित बड़ी संख्या में मगलानी समर्थक व संघर्ष समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे










एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ