राजस्थान समाचार : श्रीगंगानगर घरेलू गैस सिलेण्डरों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की माँग एलपीजी फैडरेशन ने पंजाब व अन्य जिलों से बड़े पैमाने पर हो रही गैस सिलेण्डरों की अवैध तस्करी पर आक्रोश व्यक्त किया कम दरों पर सिलेण्डर का लालच देकर, बदले में कम गैस देकर उपभोक्ताओं से की जा रही है धोखाधड़ी : पंकज नागपाल

पंजाब से सटे ग्रामीण इलाको हिन्दुमलकोट से शहर में आने वाले सभी गांवों में घरेलू गैस सिलेण्डर निर्धारित मूल्य 983 रूपये से काफी कम दाम पर गैस उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है

श्रीगंगानगर : श्रीगंगानगर एलपीजी फैडरेशन की मीटिंग रोहित उद्योग परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में निकटवर्ती राज्य पंजाब व अन्य जिलों से अवैध रूप से बड़े पैमाने पर हो रही घरेलू गैस सिलेण्डरों की तस्करी पर भारी आक्रोश व्यक्त किया गया।

जिलाध्यक्ष पंकज नागपाल ने कहा कि अवैध रूप से सीमावर्ती पंजाब व अन्य जिलों से श्रीगंगानगर जिले के पंजाब से सटे ग्रामीण इलाको हिन्दुमलकोट से शहर में आने वाले सभी गांवों में घरेलू गैस सिलेण्डर निर्धारित मूल्य 983 रूपये से काफी कम दाम पर गैस उपभोक्ताओं को दिया जा रहा है। इससे उपभोक्ता लालचवश इनके चंगुल में आकर गैस सिलेण्डर ले लेता है, जबकि वास्तविकता में गैस सिलेण्डर में 14.2 किलोग्राम गैस की बजाय मात्र 10-12 गैस ही होती है, इससे उपभोक्ताओं को फायदे की बजाय कम गैस मिलने से आर्थिक नुकसान ही होता है। पंजाब व अन्य जिलों से आ रहे गैस सिलेण्डर बदले जा रहे हैं, जिससे भविष्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि नियमानुसार गैस सिलेण्डर उपभोक्ता जिस गैस सिलेण्डर एजेंसी का उपभोक्ता है, उसी कम्पनी का खाली सिलेण्डर देकर ही भरा हुआ सिलेण्डर प्राप्त कर सकता है।

पंकज नागपाल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेण्डरों की अवैध तस्करी से स्थानीय गैस संचालकों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है, वहीं जान-माल को भी खतरे में डाला जा रहा है। सरकार को भारी राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। पंजाब से लगभग एक-दो दिन बाद एक मिनी ट्रक श्रीगंगानगर आता है, जिसके द्वारा श्रीगंगानगर के आसपास पंजाब से सटे ग्रामीण इलाके में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेण्डर की सप्लाई की जा रहा है, जबकि सुरक्षा का बिलकुल भी ध्यान नहीं रखा जाता है, इस कारण आगजनी व हादसों की अंदेशा हर समय बनी रहती है।

एलपीजी फैडरेशन ने गैस उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि सम्बन्धित गैस एजेंसी पर बुकिंग करवाकर ही गैस सिलेण्डर प्राप्त करें तथा गैस पास बुक में इसका इन्द्राज अवश्य करवाएं तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सहयोग प्रदान करें। फैडरेशन ने जिला रसद विभाग, जिला परिवहन अधिकारी तथा जिला प्रशासन से पंजाब व अन्य जिलों से आ रहे अवैध घरेलू गैस सिलेण्डरों पर प्रभावी कार्यवाही करके अंकुश लगाने की माँग की है।

इस अवसर पर मूमल गैस एजेंसी संचालक संजय मित्तल, गगन गैस एजेंसी संचालक पंकज नागपाल, राजश्री गैस एजेंसी संचालक ईशान नागपाल, गंगानगर इण्डेन से संजीव पूनिया, होलसेल भण्डार से गौरव, भारत गैस एजेंसी संचालक मयंक चड्ढा, शहीद नवपाल गैस एजेंसी संचालक राहुल अरोड़ा आदि उपस्थित थे।  


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ