मतदान के तुरंत पश्चात् मतगणना करके नव निर्वाचित अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी ,बूथवार मतदाता सूची जारी की गई तथा पीठासीन अधिकारियों को चुनाव सम्बन्धी सामग्री सौंपी गई।
श्रीगंगानगर : प्रगतिशील कुम्हार समिति के अध्यक्ष पद के लिए 1 मई, रविवार को होने वाले चुनाव के मद्देनजर आज चहल चौक स्थित कुम्हार धर्मशाला में चुनाव अधिकारी रघुवीर सिंह गेदर तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी काशीराम कुचेरिया की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चुनाव अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा सफलतापूर्वक चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा मतदान प्रक्रिया में भाग लेने वाले चुनाव समिति के समस्त सदस्यों को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण व दिशा-निर्देश दिए गए। बूथवार मतदाता सूची जारी की गई तथा पीठासीन अधिकारियों को चुनाव सम्बन्धी सामग्री सौंपी गई।
संरक्षक सदस्य साधुराम भोभरिया ने बताया कि अध्यक्ष पद चुनाव के लिए 10 बूथ बनाए गए हैं, जिसके तहत बूथ नं. 1 व 2 स्थाई सदस्यों के लिए, बूथ नं. 3 अस्थाई व दिव्यांग मतदाताओं के लिए तथा बूथ नं. 4 से 10 अस्थाई सदस्यों के लिए बनाए गए हैं।प्रगतिशील कुम्हार समिति अध्यक्ष पद के लिए महेन्द्र कुमार लिम्बा (बागड़ी), लालचन्द सोखल, लीलूराम लिम्बा, सत्यनारायण रत्तीवाल तथा हेतराम सिंगाठिया चुनाव मैदान में हैं।
अध्यक्ष पद के लिए 1 मई, रविवार को प्रात: 8 से सांय 4 बजे तक चहल चौक स्थित कुम्हार धर्मशाला में मतदान होगा, जिसमें प्रगतिशील कुम्हार समिति के 3952 आजीवन सदस्यों तथा 9729 साधारण सदस्यों कुल 13681 सदस्यों द्वारा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा, जिसमें 3131 महिला मतदाता हैं एवं 10550 पुरुष मतदाता हैं। तत्पश्चात् सांय 4.30 बजे से मतगणना की जाएगी एवं मतगणना के तुरन्त पश्चात् परिणाम की घोषणा करके निर्वाचित अध्यक्ष को शपथ-ग्रहण करवाई जाएगी।
चुनाव केवल अध्यक्ष पद के लिए होगा तथा मतदान के समय मतदाता फोटोयुक्त पहचान दस्तावेज अवश्य साथ लाना होगा। चुनाव सम्बन्धी समस्त प्रक्रिया चहल चौक स्थित कुम्हार धर्मशाला में सम्पन्न होगी। प्रगतिशील कुम्हार समिति के समस्त आजीवन व साधारण सदस्यों से निर्विघ्न रूप से चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए समाज हित में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया है।




0 टिप्पणियाँ