श्रीगंगानगर : रामगढिय़ा वैलफेयर सोसायटी द्वारा आज महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा की 299वीं जयंती तथा पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जेल सिंह की जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सूरतगढ़ रोड बाबा रामदेव मंदिर के सामने स्थित पैलेस में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिलेभर से समाज के सैंकड़ों प्रबुद्ध नागरिकगण अपने परिवार एवं बच्चों के साथ शामिल हुए।
सचिव गुरजंट सिंह खोखर ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सादुलशहर विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह मिशन ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रामगढिय़ा दिल्ली बोर्ड के चेयरमैन जितेन्द्रपाल सिंह ‘गागी’, उपाध्यक्ष, बलविंद्र सिंह संधू, मनवीर सिंह मुदड़ व जगजीत सिंह, सचिव अवतार सिंह, कोषाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, चमकौर सिंह गजसिंहपुर पालिका चेयरमैन, मिठू सिंह अध्यक्ष सरपंच यूनियन रायसिंहनगर सहित अनेक गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
कार्यक्रम में कथावाचक गुरप्रीत सिंह द्वारा महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा एवं पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जेल सिंह की जीवनी पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि पूरे सिख पंथ को महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा पर गर्व है। ऐसे योद्धाओं को याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है। अगले वर्ष महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा जी की 300 वीं जयंती आ रही है, जिसे पूरे उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। हमारा इतिहास उनके साहसी कार्यो से भरा है। वक्ताओं ने कहा कि महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा ने सिख लोक राज की स्थापना करने में अहम भूमिका निभाई। आज के समय की पीढ़ी को महान योद्धाओं और शख्सियतों के संघर्षमयी जीवन से अवगत करवाना चाहिए, जिससे देश की एकता व अखंडता बरकरार रह सके। महाराजा जस्सा सिंह रामगढिय़ा एक महान योद्धा हुए, जिनके संघर्ष कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जाति-पाति व राजनीति से ऊपर उठकर सभी लोगों को महान शख्सियतों के दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाने चाहिए। सभी धर्म मानवता की भलाई का ही संदेश देते हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक जगदीश चन्द्र जागिड़ ने ‘समाज में जागृति लाओ और राजनीति में समाज की भागीदारी सुनिश्चित बनाओ’ कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर होने चाहिए। इससे समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है तथा महान विरसा को आज की पीढ़ी को जानने का अवसर मिलता है।इस अवसर पर समाज के भामाशाह मिठू सिंह गणेशगढ़, केवल सिंह, ठाकुर सिंह तथा 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा एवं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की प्रतिभाओं व जन प्रतिनिधियों को सम्मान प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समस्त अतिथियों व समाज के वरिष्ठ नागरिकों को फूलमालायें पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन-सम्मान किया गया।
इस अवसर पर गुरबचन सिंह धौंसी, सतपाल सिंह चानी, मुखपाल सिंह गाला, हरदेव सिंह मठाड़ू, मलकीत सिंह रमाणा, गुरजंट सिंह खोखर, हरविंदर सिंह भमराह, नक्षत्र सिंह भमराह, जसवीर सिंह भमराह सहित सैंकड़ों की संख्या में समाज के महिलायें, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग उपस्थित थे। जिलेभर की तहसीलों व मण्डियों से भी भारी संख्या में समाजबंधु इस कार्यक्रम में शामिल हुए। रामगढिय़ा वैलफेयर सोसायटी जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह मिशन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समस्त अतिथियों, आगंतुकों, पदाधिकारियों व सदस्यों, रामगढिय़ा वैलफेयर सोसायटी की तहसील व मण्डी इकाइयों के टीम लीडर्स तथा समस्त सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रीगंगानगर शहर सहित बाहर से आने वाले समाजबंधुओं के लिए नाश्ते व प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई थी।




0 टिप्पणियाँ