श्रीगंगानगर : श्री आत्मवल्लभ जैन पब्लिक स्कूल द्वारा मातृ दिवस सप्ताह के तहत अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय कॉर्डिनेटर मुकेश सेठी ने बताया कि आज नृत्य प्रतियोगिता के साथ मातृ दिवस कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। नृत्य प्रतियोगिता में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम में अदभुत समां बांधा। प्रतिभागियों द्वारा हिंदी, पंजाबी, राजस्थानी, हरियाणवी गीतों पर नृत्य पर लोक संस्कृति को जीवंत किया गया।
प्रतिभागियों की मनमोहक प्रस्तुतियों की निर्णायक मण्डल एवं विद्यालय स्टाफ व गण्यमान्य अतिथियों ने भरपूर सराहना की। प्रतिभागियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को देखकर निर्णायक मण्डल के लिए प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेताओं का चयन करने में काफी मशक्कत करनी पड़़ी। भयंकर गर्मी को देखते हुए अनूठी पहल करते हुए श्री आत्मवल्लभ जैन पब्लिक स्कूल द्वारा बेजुबान पक्षियों के लिए विद्यालय की छात्राओं द्वारा विशेष रूप से सजाए गए परिंडे प्रतिभागियों को भेंट किए गए तथा इनमें नियमित जल भरने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने परिंडों की नियमित देखभाल का संकल्प व्यक्त किया
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विदुषी श्रीमती मंजू गर्ग तथा श्रीमती मीना झूथरा थे, जिन्होंने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए उनकी नृत्य कला कौशल की भरपूर सराहना की तथा कहा कि प्रत्येक माँ विजेता है, जो अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए अपनी प्रतिभा का भी बखूबी प्रदर्शन कर रही हैं। आज के इस व्यस्ततम समय में जिम्मेदारियों के बीच अपनी हॉबी के लिए समय निकालना अत्यंत दुष्कर है। प्रत्येक महिला को परिवार की देखभाल के साथ-साथ अपने हॉबी को भी अवश्य पूरा करना चाहिए। नारी शक्ति के सकारात्मक योगदान से ही समाज व देश का सर्वांगीण उत्थान सम्भव है। वक्ताओं ने कहा कि श्री आत्मवल्लभ जैन पब्लिक स्कूल द्वारा मातृ शक्ति को सशक्त मंच प्रदान किया गया है, जिसके लिए उन्होंने विद्यालय प्रिंसीपल ममता अरोड़ा एवं समस्त विद्यालय स्टाफ व प्रबंधक समिति को साधुवाद दिया।
प्रिंसीपल ममता अरोड़ा ने सफल आयोजन के लिए समस्त प्रतिभागियों, निर्णायकों, अतिथियों तथा विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया तथ बताया कि महिला सप्ताह कार्यक्रमों के तहत 5 मई को बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, 6 मई को सलाद डेकोरेशन तथा नॉन कुक फूड तथा 7 मई को शो योर टैलेंट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मातृ दिवस पर 8 मई को आयोजित कार्यक्रम में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रिंसीपल श्रीमती ममता अरोड़ा द्वारा मातृ शक्ति से इन प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी रचनात्मक व सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने आह्वान किया



0 टिप्पणियाँ