राजस्थान समाचार : श्रीगंगानगर - चाय पर मण्डी शुल्क का चाय व्यापार संघ ने किया विरोध मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री को भेजे ज्ञापन

श्रीगंगानगर : चाय पर राज्य सरकार द्वारा लगाए गए मण्डी शुल्क का चाय व्यापार संघ ने कड़ा विरोध करते हुए विधायक गौड़ तथा अति. जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री को ज्ञापन भेजे हैं। चाय व्यापारी शंटी बवेजा ने बताया कि चाय व्यापार संघ का एक शिष्टमण्डल अध्यक्ष राधेश्याम बंसल के नेतृत्व में सर्वप्रथम विधायक से मिला व ज्ञापन सौंपा तत्पश्चात् अति. जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री के नाम के ज्ञापन सौंपकर चाय पर लगाए गए मण्डी शुल्क को अविलम्ब वापिस लेने की माँग की। 

चाय व्यापारियों ने कहा कि चाय पर पूरे देश में कहीं भी मंडी शुल्क नहीं लगता है, ना ही चाय व्यापारी नई मंडी के माध्यम से चाय का क्रय-विक्रय करते हैं। बल्कि चाय व्यापारी अपने स्तर पर ही आसपास के कस्बों में जाकर चाय का विक्रय करते हैं। चाय की पैदावार राजस्थान में कहीं भी नहीं होती है। चाय पर मण्डी शुल्क से लगभग 10 रूपये प्रति किलो चाय के रेट बढ़ऩे से महंगाई बढ़ेगी, जिसका आमजन व व्यापारी वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कोरोनाकाल के कारण आमजन व व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक व मानसिक परेशानी से जूझ रहा है।

इसलिए चाय व्यापार संघ मंडी शुल्क का विरोध करता है तथा इस अव्यवहारिक आदेश को वापिस लेने की मांग करता है। इस अवसर पर चाय व्यापार संघ अध्यक्ष राधेश्याम बंसल, रमेश गर्ग, सुरेन्द्र गर्ग, गौरीशंकर गोयल, संदीप शेरेवाला, दिनेश गोयल  संजय शेरेवाला  कमल बंसल  निरंजन बंसल  शंटी बवेजा नीरज शेरेवाला सुनील कुमार आदि चाय व्यापारी उपस्थित थे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ