राजस्थान समाचार : श्रीगंगानगर -हिन्दी प्रचार समिति एवं सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं महासंघ के संयुक्त तत्वाधान में मनाई गई समाज सुधारक राजा राम मोहनराय की जयंती

श्रीगंगानगर : हिन्दी प्रचार समिति तथा सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं महासंघ के संयुक्त तत्वाधान में महान राष्ट्रभक्त व महान समाज सुधारक राजाराम मोहन राय की जयंती प्रेम नगर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. ओ.पी. गोयल व अवतार सिंह मल्होत्रा तथा विशिष्ट अतिथि मदनलाल जोशी, अशोक किंगर, प्रधानाचार्य सुमन कटारिया, रामसिंह सोढ़ा, जगीर फरमा, योगराज भाटिया व सुरेन्द्र कुमार शर्मा थे तथा अध्यक्षता रमेश सिंगल ने की। स्वागतकर्ता श्रीमती सुनीता तलवार, रिम्पा तलवार, राकेश अनेजा, आशा अनेजा व इन्दुभूषण चावला एवं कार्यक्रम संयोजक व मंच संचालक मनीराम सेतिया थे।


मुख्य अतिथि डॉ. ओपी. गोयल ने कहा कि राजा राम मोहन रााय बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी दिलाने के लिए देशवासियों में नई चेतना का संचार किया एवं शिक्षा की अलख जगाई। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाई। अवतार सिंह मल्होत्रा ने कहा कि राजा राम मोहन राय ने देश में सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज सुधार के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। सदस्यों ने डॉ. ओपी गोयल व अवतार सिंह मल्होत्रा को सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका के लिए सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया।


जगीरचंद फरमा ने कहा कि राजाराम मोहन राय ने सती प्रथा, बाल विवाह, जाति प्रथा व अस्पृश्यता जैसी सामाजिक कुरीतियों से देश को उबारने का काम किया। मदनलाल जोशी ने कहा कि राजा राम मोहन राय के प्रयासों से प्रेस की स्वतंत्रता को मान्यता मिली। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सुमन कटारिया ने कविता के द्वारा राजाराम मोहन राय के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर राम सिंह सोढा, योगराज भाटिया, अशोक किंगर,आशा अनेजा, सुरेन्द्र कुमार शर्मा व मनीराम सेतिया ने कहा कि राजा राम मोहन राय महान राष्ट्र भक्त व महान साहित्यकार थे, जिन्होंने अरबी, फारसी, अंग्रेजी भाषाओं में अनेकों पुस्तकें लिखी तथा देशवासियों में शिक्षा की अलख जगाई। उनके द्वारा स्थापित ब्रह्म समाज ने भारत में फैली कुप्रथाओं के खिलाफ आंदोलन चलाया।


अध्यक्ष रमेश सिंगल ने कहा कि राजा राम मोहन राय आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। रिम्पा तलवार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा सामाजिक धार्मिक संस्थाएं महासंघ व हिन्दी प्रचार समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर राकेश अनेजा, सुरजीत ग्रेवाल, ईश कोचर सहित सामाजिक धार्मिक संस्थाएं महासंघ व हिन्दी प्रचार समिति के उपस्थित समस्त सदस्यों ने राजा राम मोहन राय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।







एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ