राजस्थान समाचार : श्रीगंगानगर - मंत्रालयिक केडर के नये उच्च पद बढ़ाने की फाईल मुख्यमंत्री द्वारा मंजूर - मंत्रालयिक संघर्ष समिति का राज्यव्यापी आंदोलन लाया रंग

श्रीगंगानगर : राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति के तत्वाधान में मंत्रालयिक कर्मचारियों के राज्यव्यापी संघर्ष का अब परिणाम आने लगा है। मंत्रालयिक संघर्ष समिति के श्रीगंगानगर जिला संयोजक सतीश शर्मा ने बताया कि संघर्ष समिति के प्रांतीय संयोजक मण्डल में शामिल प्रांतीय कर्मचारी नेतागण महेन्द्र सिंह धायल, गजेन्द्र सिंह राठौड़, शम्भू सिंह राठौड़, सुरेश धाभाई, राजेश पारीक, गिरीराज चौधरी, सूरजप्रकाश टाक आदि ने पूरे प्रांत में दौरे करते हुए राज्यभर में सभाएं कर मंत्रालयिक कर्मचारियों को लामबद्ध किया, जिसके परिणामस्वरूप जयपुर में हजारों मंत्रालयिक कर्मचारियों ने हल्ला बोलते हुए महारैली निकाली। 


‘इस महारैली की ताकत का ही असर हुआ कि मंत्रालयिक संवर्ग के अनेक संगठन होने के बावजूद, केवल मात्र मंत्रालयिक संघर्ष समिति को राज्य सरकार के द्वारा वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया तथा स्वयं मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने मंत्रालयिक संघर्ष समिति से माँग-पत्र पर गम्भीरता से सकारात्मक वार्ता की।

मंत्रालयिक संघर्ष समिति के श्रीगंगानगर जिला संयोजक सतीश शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रालयिक केडर के 8400 नये उच्च पद बढ़ाने की फाईल पर मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा अनुमोदन कर दिया गया है। इस अनुमोदन के पश्चात् प्रदेश में मंत्रालयिक केडर के अन्तर्गत संस्थापन अधिकारी के पद 92 से बढक़र 684, प्रशासनिक अधिकारी के 376 से बढक़र 2050, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के 2220 से बढक़र 5469 तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी के 8737 से बढक़र 11622 पद हो गए हैं। शेष माँगों पर राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति के द्वारा राज्य सरकार पर निरन्तर दबाव बनाया जा रहा है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ