श्रीगंगानगर: सोलर कम्पनियों द्वारा विद्युत विभाग से कनेक्शन दिलवाने के नाम पर की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ भारतीय जनता मजदूर मंच जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष हेमराज चौधरी की अध्यक्षता मेें बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला महामंत्री प्रदीप पंडित ‘कश्मीरी’ ने कहा कि सोलर कम्पनियों के कर्मचारियों द्वारा सोलर कनेक्शन दिलवाने के नाम पर अवैध रूप से 15-20 हजार रूपये जबरन वसूले जाते हैं तथा उपभोक्ताओं का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जाता है। यह कोई कही-सुनी बात नहीं है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण स्वयं जिलाध्यक्ष हेमराज चौधरी के साथ हुई अवैध वसूली की घटना है। इससे आमजन का सोलर के प्रति रूझान घट रहा है।
जिला महामंत्री प्रदीप पंडित ‘कश्मीरी’ ने बताया कि भारतीय जनता मजदूर मंच जिलध्यक्ष हेमराज चौधरी से सोलर कनैक्शन के लिए 15 हजार रूपये की अवैध रूप से माँग की गई थी, इस पर विद्युत विभाग में उच्चाधिकारियों से सम्पर्क किया गया तथा इस अवैध वसूली का विरोध किया गया एवं उनके द्वारा किसी प्रकार की अवैध राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसी प्रकार उनके द्वारा पांच फाईलें सोलर की बिना अवैध वसूली दिए पास करवाई गई। लेकिन आम नागरिक इनका विरोध करने की स्थिति में नहीं होने के कारण मजबूरन 15-20 हजार रूपये देने के लिए मजबूर हो जाता है। सोलर कम्पनियों के कर्मचारियों द्वारा नित्यप्रति कनैक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है तथा प्रतिदिन हजारों रूपये कनैक्शन के नाम से अवैध वसूली की जा रही है।
जिला महामंत्री प्रदीप पंडित ‘कश्मीरी’ ने कहा कि उपभोक्ता द्वारा इस अवैध वसूली का विरोध करने पर उन्हें कहा जाता है कि विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों का भी इसमें हिस्सा है। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी बदनाम किया जा रहा है।
बैठक के पश्चात् अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर माँग की गई कि सोलर कम्पनियों द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर अंकुश लगाया जाए तथा दोषियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए। इसके साथ-साथ माँग की गई कि कोई भी उपभोक्ता सोलर की फाईल लगाता है, तो वह फाइल खुद उपभोक्ता द्वारा जमा होनी चाहिए, ना कि ऐसे लोगों द्वारा जो विद्युत विभाग के नाम से अवैध वसूली करते हैं। अधीक्षण अभियंता से यह भी माँग की गई कि प्रत्येक सहायक अभियंता तथा कनिष्ठ अभियंता कार्यालय में सूची चस्पा की जाए एवं सोलर कम्पनी वाले कनेक्शन के लिए आते हैं तो उनके मार्फत कनेक्शन नहीं दिए जाएं, ताकि अवैध वसूली पर अंकुश लग सके तथा उपभोक्ताओं को आर्थिक व मानसिक शोषण से राहत मिल सके। इस अवसर पर बैठक में जिलाध्यक्ष हेमराज चौधरी, जिला महामंत्री प्रदीप पंडित ‘कश्मीरी’, मोनू स्वामी, राकेश राका, सुखदेव सुखा सहित भारतीय जनता मजदूर मंच पदाधिकारी, सदस्य एवं सोलर कम्पनियों की मनमानियों से पीडि़त सोलर उपभोक्ता उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ