बढ़ती नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कानूनी कार्यवाही करने की माँग- युवा अधिवक्ताओं ने अति. पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

श्रीगंगानगर: नशाखोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कानूनी कार्यवाही करने की माँग युवा अधिवक्ताओं द्वारा की गई है। युवा अधिवक्ता आमिर खान के नेतृत्व में शिष्टमण्डल ने शनिवार को इस आश्य का अति. पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर को ज्ञापन सौंपा। शिष्टमण्डल में एडवोकेट वैभव भारती, एडवोकेट रजत स्वामी, एडवोकेट आकाश मेहरा, एडवोकेट दीपक सेतिया शामिल थे।

एडवोकेट आमिर खान तथा एडवोकेट वैभव भारती ने कहा कि निकटवर्ती ग्राम मिर्जेवाला सहित पूरे जिले में नशे का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे युवा पीढ़ी इसके चंगुल में फंसकर बर्बाद हो रही है। गत दिनों 13 मार्च को मिर्जेवाला गांव के एक युवक की नशे की ओवरडोज के कारण मृत्यु हो गई थी। नशे के कारण लड़ाई-झगड़े, मारपीट व हत्या की घटनायें बढ़ती जा रही है। इससे आमजन का जीना दुर्भर हो गया है। नशे के कारण अपराध चरम हैं। अपराधी प्रवृत्ति के नशेड़ी युवकों द्वारा आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के कारण पुलिस द्वारा कुछ दिन तक सख्ती करने के कारण नशे की बिक्री पर अंकुश लगता है, मगर बाद में हालात वैसे ही हो जाते हैं। इससे मिर्जेवाला ग्राम सहित पूरे जिले की जनता में आक्रोश व्याप्त है। अवैध नशे के सौदागारों तथा नशा करने वाले असामाजिक तत्वों के कारण हालात अत्यंत भयावह हो गए हैं।

युवा अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन से माँग की है कि मिर्जेवाला गाँव सहित जिलेभर में अवैध नशे के बढ़ रहे कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष दल बनाकर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए, ताकि जिले में शांति व कानून व्यवस्था कायम रह सके।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ