SBI की नई बिजनेस लोन योजना, इन्हें मिलेगा 100 करोड़ तक का उधार/NEWS UPDATE
SBI Business Loan : SBI ने कोविड-19 महामारी के बीच स्वास्थ्य सेवा से जुड़े क्षेत्रों की मदद के लिये उन्हें आसान शर्तों पर कर्ज देने को लेकर नई योजना पेश की.
मुंबई:
अपनी घोषणा के अनुसार देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने हेल्थकेयर सेक्टर के लिए बिजनेस लोन का ऐलान कर दिया है. बैंक ने गुरुवार को कोविड-19 महामारी के बीच स्वास्थ्य सेवा से जुड़े क्षेत्रों की मदद के लिये उन्हें आसान शर्तों पर कर्ज देने को लेकर नई योजना पेश की. इसके तहत अस्पताल, नर्सिंग होम, जांच घर डायग्नोस्टिक सेंटर समेत स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को 100 करोड़ रुपये तक का कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा. SBI ने एक बयान में कहा, ‘SBI ने महामारी के बीच देश में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को सहायता प्रदान करने के लिए आरोग्यम हेल्थकेयर बिजनेस लोन पेश किया है.'
किनको मिलेगा लोन
बयान के अनुसार, ‘इसके तहत अस्पताल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर, पैथोलॉजी लैब, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े निर्माता, आपूर्तिकर्ता, आयातक, लॉजिस्टिक कंपनी इत्यादि को 100 करोड़ रुपए (भौगोलिक स्थिति के अनुसार) तक का कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा. इस ऋण को 10 वर्षों में चुकाया जा सकेगा.' आरोग्यम ऋण विस्तार अथवा आधुनिकीकरण या फिर कार्यशील पूंजी जरूरतों के लिये लिया जा सकता है.
बैंक के अनुसार महानगरों में इस सुविधा के तहत 100 करोड़ रुपये जबकि मझोले और शहरी केंद्रों (टियर 2) में 20 करोड़ रुपये तक का ऋण लिया जा सकता है. अन्य छोटे शहरों (टियर 3 से टियर 6) में 10 करोड़ रुपये तक का कर्ज लिया जा सकता है. बयान में कहा गया है कि दो करोड़ रुपए तक के कर्ज के लिये इकाइयों को किसी प्रकार की गारंटी देने की आवश्यकता नहीं होगी. इसका कारण यह यह कर्ज क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (CGTMSE) गारंटी योजना के तहत आएगा.
एसबीआई के चेयरमैन दिनेश खारा ने कहा, ‘हमारी स्वास्थ्य प्रणाली पिछले एक साल से देश को महामारी के बीच निर्बाध और अभूतपूर्व सहायता प्रदान कर रही है. कोविड -19 के मद्देनजर उनके योगदान को देखते हुए, हमें उनके लिए आरोग्यम हेल्थकेयर बिजनेस लोन लॉन्च करते हुए खुशी हो रही है.'
उन्होंने कहा, ‘हमें विश्वास है कि यह विशेष ऋण उत्पाद मौजूदा सुविधाओं के विस्तार/आधुनिकीकरण और नई सुविधाओं के निर्माण को सक्षम बनाने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान करेगा. इसके जरिये हमारा प्रयास पूरे देश में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है.'
बता दें कि रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कोविड महामारी की दूसरी लहर के बीच अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों के लिये राहत उपायों की घोषणा करते हुए पिछले महीने की शुरूआत में कहा था कि 50 हजार करोड़ रुपये का नकदी समर्थन बैंकों को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन विनिर्माताओं, टीके के आयातकों/आपूर्तिकर्ताओं और चिकित्सा उपकरणों के आपूर्तिकर्ताओं, अस्पताल समेत अन्य को आसान शर्तों पर नया कर्ज दे सके.
SBI के कस्टमर हैं तो पढ़िए, डेबिट कार्ड के बिना भी ATM से कैश निकालने का ये है आसान तरीका
ATM Cash withdrawal without Debit Card : अगर आप का SBI में अकाउंट है तो आप डेबिट कार्ड के बिना भी अकाउंट से कैश निकाल सकते हैं. इसके लिए बैंक आपको Yono Cash की सुविधा देता है. जानिए कैसे बिना एटीएम कार्ड के बिना भी आप एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं.
नई दिल्ली:
आज कल की भागदौड़ भरी जिंदगी में छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी समय निकाल पाना बहुत मुश्किल है. ऐसे में अगर कभी ATM तक पहुंच जाते हैं और वहां आपको याद आता है कि आप डेबिट कार्ड लाना भूल गए हैं तो ऐसी स्थिति आपके लिए परेशानी का सबब बन सकती है. लेकिन अगर आप का प्रमुख सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अकाउंट है तो आप इस परेशानी से बच सकते हैं. आप डेबिट कार्ड के बिना भी अकाउंट से कैश निकाल सकते हैं. इसके लिए बैंक आपको YONO Cash की सुविधा देता है. वैसे तो बहुत से बैंक यह सुविधा देते हैं, लेकिन हम यहां YONO कैश सर्विस की जानकारी दे रहे हैं.
बिना डेबिट कार्ड के निकाले कैश
इसके लिए सबसे पहले तो SBI कस्टमर को YONO ऐप या पोर्टल पर लॉगिन करना होगा. इसके बाद आप रेफरेंस नंबर और डायनैमिक पिन जनरेट कर सकेंगे. जिसकी मदद से आप कैश निकाल सकते हैं. इसकी मदद से आप ATM के साथ-साथ POS टर्मिनल और कस्टमर सर्विस पॉइंट (CSP) से भी कैश निकाल सकेंगे.
ऐसे इस्तेमाल करें YONO Cash सर्विस
1. कस्टमर को 6 डिजिट पिन इस्तेमाल करके योनो ऐप लॉगिन करना होगा.
2. इसके बाद होम पेज पर योनो पे बटन पर क्लिक करके योनो कैश सिलेक्ट करें.
3. इसके बाद योनो कैश में आपको योनो पे बटन का ऑप्शन मिलेगा, इस पर ऑप्शन पर क्लिक करें.
4. इसके बाद डेबिट अकाउंट सेलेक्ट करके अमाउंट एंटर करें.
5. इसके बाद योनो कैश पिन एंटर करें और 'नेक्स्ट' पर क्लिक करें.
6. इसके बाद टर्म एंड कंडीशन एक्सेप्ट करके 'कन्फर्म' पर क्लिक करें.
7. योनो कैश रेफरेंस नंबर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर पहुंच जाएगा.
8. ATM पर योनो कैश ऑप्शन पर टैप करें.
9. अब मोबाइल पर रिसीव किया गया रेफरेंस नंबर एंटर करें.
10. इसके बाद योनो कैश पिन एंटर करके आप ATM से कैश निकाल सकते हैं.
0 टिप्पणियाँ