मुकेश सेठी द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।
श्रीगंगानगर: राजस्थान के प्राइवेट स्कूलों की सबसे बड़ी एसोसिएशन स्कूल शिक्षा परिवार के श्रीगंगानगर ब्लॉक के अध्यक्ष पद के चुनाव सुखाडिय़ा सर्किल के समीप स्थित होटल में सम्पन्न हुए। इस मौके पर श्रीगंगानगर ब्लॉक के प्राइवेट स्कूलों के प्रतिनिधियों द्वारा सर्वसम्मति से मुकेश सेठी को पुन: आगामी दो वर्षों के लिए श्रीगंगानगर ब्लॉक का अध्यक्ष चुना गया। जिलाध्यक्ष राजीव खैतान के निर्देशन में चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सेतिया ने चुनावी कार्यवाही को सफलतापूर्वक पूर्ण करवाया।
इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा परिवार जिला श्रीगंगानगर के महासचिव गुलशन पुन्यानी रायसिंहनगर से विशेष रुप से मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष राजीव खैतान के अनुसार मुकेश सेठी का गत दो वर्ष का कार्यकाल सराहनीय रहा है तथा प्रदेशाध्यक्ष अनिल शर्मा के मार्गदर्शन में प्राईवेट स्कूलों तथा विद्यार्थियों के हित में कर्मठता से कार्य किया गया है। मुकेश सेठी द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।
इस पर नवनियुक्त अध्यक्ष मुकेश सेठी ने समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सबको साथ लेकर पूर्व से और अधिक सक्रिय होकर कार्य करने तथा प्राईवेट स्कूलों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करवाने का विश्वास दिलाया।

0 टिप्पणियाँ