कैमिकलयुक्त जहरीले पानी के खिलाफ श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
श्रीगंगानगर : पंजाब से श्रीगंगानगर जिले की नहरों में आ रहे कैमिकलयुक्त जहरीले पानी के खिलाफ श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। जहरीले पानी से राजस्थान के जिला श्रीगंगानगर सहित कुल 10 जिलों के करोड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं, जिनके स्वस्थ जीवन से यह मुद्दा सीधे-सीधे जुड़ा हुआ है।
विरोध-प्रदर्शन में शामिल रहे कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, संरक्षक कुलदीप गोदारा, वरिष्ठ शिक्षक नेता अभिमन्यु सिंह भदौरिया, मिनिस्ट्रीयल एम्पलॉईज एसोसिएशन जिला महामंत्री राजेश कपिल, कृषि उपज मण्डी समिति कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रामधीरज चौहान, नर्सेज एसोसिएशन के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष श्याम गोस्वामी, सत्यपाल छिम्पा, मदन वर्मा, नरेन्द्र छिम्पा आदि ने सामूहिक रूप से संकल्प व्यक्त किया कि जहरीले पानी के स्थाई रूप से बंद होने तथा स्वच्छ जल इलाकावासियों को उपलब्ध होने तक संघर्ष को निरन्तर आगे बढ़ाया जाएगा।
बार एसोसिएशन, श्रीगंगानगर के द्वारा इस मुद्दे पर पिछले कई दिनों से चलाए जा रहे आंदोलन के तहत शुक्रवार को वकीलों के द्वारा जिला मुख्यालय पर गंगासिंह चौक से प्रारम्भ कर शहर के विभिन्न मार्गों पर निकाले गए मशाल जुलूस का रविन्द्र पथ स्थित मटका चौक पर कर्मचारी महासंघ ने पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया तथा बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई, उपाध्यक्ष विक्रम गोदारा, वरिष्ठ अधिवक्ता चरणदास कम्बोज आदि के माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया एवं आंदोलन को खुला समर्थन देने की घोषणा की।

0 टिप्पणियाँ