श्रीगंगानगर : राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी वार्ड नं. 4-5), श्रीगंगानगर के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. कपिल सेतिया के नेतृत्व में यूपीएचसी परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. कपिल सेतिया ने कहा कि डेंगू मादा एडीज इजिप्टी नामक मच्छर के काटने से होता है।
यह मच्छर ठहरे हुए पानी में पैदा होता है। इससे बचने के लिए जरूरी है कि अपने घरों के आसपास और अंदर फ्रिज, कूलर आदि में पानी एकत्रित नहीं होने दें। अगर किसी को तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों के निचले हिस्से में दर्द, मसूड़ों और नाक से खून बहना आदि लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से सम्पर्क करना चाहिए। डेंगू रोग से बचाव के लिए स्वच्छता के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता में ही भगवान बसते हैं।
उन्होंने साफ या गन्दा किसी भी तरह के पानी को किसी बर्तन में जमा करके नहीं रखने, कूलर के पानी को भी रोजाना बदलने व हो सके तो थोड़ा सा मिट्टी का तेल डालने, पानी की टंकी को ढ़क्कन से ढक़ कर रखने, खिड़कियों को जाली या शीशे से बंद करके रखने, मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी या स्प्रे आदि का प्रयोग करने, एक्वेरियम, फूलदान आदि में हर हफ्ते पानी बदलने के लिए प्रेरित किया, ताकि डेंगू महामारी से बचा जा सके। इस मौके पर क्षेत्र की सभी आंगनबाडिय़ों की आशा सहयोगिनों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलम्बन की शपथ ली गई तथा अपने घर व आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया।
जिला वीबीडी सलाहकार बंशीधर जोशी ने कहा कि हर परिवार अपने घर के कूलर, फ्रिज की ट्रे आदि की सफाई अवश्य करे तथा डेंगू व बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखे। जागरूकता से ही बचाव सम्भव है। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. कपिल सेतिया, जिला वीबीडी सलाहकार बंशीधर जोशी, पीएचएम मनोज नाथ, अकाउंट्स डीईओ मनोज प्रजापति, जीएनएम महेन्द्र, एएनएम कंवलजीत, देवकी, रानी व कविता सहित चिकित्सालय स्टाफ, आशा सहयोगिनी व कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ