श्रम विभाग की श्रमिक विरोधी नीतियों से आक्रोशित श्रमिकों द्वारा 4 मई को श्रम विभाग उपायुक्त का घेराव किया जाएगा इन्द्रजीत कारगवाल को प्रदेश संगठन मंत्री नियुक्त करने पर फूलमालायें पहनाकर किया अभिनंदन-सम्मान
श्रीगंगानगर : भारतीय जनता मजदूर मंच से सम्बद्ध राजस्थान भवन निर्माण कामगार संघ की बैठक इंदिरा वाटिका में आयोजित की गई। मजदूर दिवस पर भारतीय जनता मजदूर मंच जिलाध्यक्ष हेमराज चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष पूरन चंद शर्मा तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोनू स्वामी ने की। जिला महामंत्री प्रदीप पंडित ‘कश्मीरी’ ने बताया कि इस बैठक में श्रज्ञमिकों के हित में अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर भवन निर्माण कामगार संघ के महामंत्री इन्द्रजीत कारगवाल को प्रदेश संगठन मंत्री नियुक्त करने पर समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा फूलमालायें पहनाकर सम्मानित किया गया तथा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मजदूर हित में सार्थक निर्णय बताते हुस प्रदेश पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक के दौरान श्रम विभाग की श्रमिक विरोधी कार्यशैली पर आक्रोश व्यक्त किया गया तथा 4 मई, बुधवार को श्रम विभाग उपायुक्त का घेराव करने का निर्णय लिया गया। दिन-प्रतिदिन बढ़ रही महंगाई को देखते हुए मजदूरी दरों में बढ़ौतरी करते हुए 135 रूपये से 150 रूपये वर्गफुट तय किए गए तथा श्रमिकों को निर्देशित किया गया कि भवन निर्माण सम्बन्धी कार्य शुरू करने से पहले भवन निर्माण के साथ काम की क्वालिटी के अनुसार ही रेट तय करके पूरी तरह लिखा-पढ़ी करके ही कार्य शुरू किया जाए, ताकि मजदूरों को उनका जायज हक मिल सके।
भवन निर्माण कामगार संघ अध्यक्ष दीनदयाल बिरथलिया ने बताया कि भवन निर्माण श्रमिक कार्य नहीं होने पर परिवार के पालन-पोषण के लिए रेहड़ी लगाते हैं तथा होटलों-ढाबों या अन्य जगह पर काम करते हैं। लेकिन श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की परेशानी समझने की बजाय शुभ शक्ति योजना सहित श्रम विभाग से सम्बन्धित योजनाओं की फाईल रोककर श्रमिकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
जिला महामंत्री प्रदीप पंडित कश्मीरी ने कहा कि शहर में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं तथा पुलिस की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह सामने आया है कि चाहे बस स्टैंड पुलिस चौकी या सेतिया फार्म चौकी हो या अन्य पुलिस थाना हो, सब जगह एक ही हालात है कि गरीब और मजदूर आदमी की कोई सुनवाई नहीं होती है, सिर्फ और सिर्फ ‘गांधीजी’ की सुनवाई होती है। गत दिवस श्रीगंगानगर के नाथांवाली में प्रतिष्ठित ज्वैलर व्यवसायी के घर पर तथा श्रीकरणपुर गांव में बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई। श्रीगंगानगर में फायरिंग की घटनायें लगातार बढ़ रही हैं। इससे व्यापारी, श्रमिक, आमजन अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस प्रशासन जान-बूझकर अनजान बने हुए हैं, जिससे आम आदमी का जीना दुर्भर हो गया है तथा पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास खत्म हो जाता रहा है। मजबूरन आम आदमी को अपनी रक्षा के लिए हथियार रखने पड़ेंगे। शहर में बिगड़ रही कानून व्यवस्था को लेकर शीघ्र ही पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की जाएगी तथा पुलिस थाना में बिना भेदभाव के अमीर-गरीब, मजदूर सबकी सुनवाई करने व उन्हें न्याय दिलाने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर भारतीय जनता मजदूर मंच तथा राजस्थान निर्माण कामगार संघ पदाधिकारी व सदस्य श्रमिक उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ