श्रीगंगानगर : श्री आत्मवल्लभ जैन पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों का अंतिम दिवस बेहद यादगार व सफल रहा। विद्यालय कॉर्डिनेटर मुकेश सेठी ने बताया कि विद्यालय प्रांगण में सभी माताओं को समर्पित संगीत संध्या कार्यक्रम में श्रीगंगानगर के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुप्रसिद्ध म्यूजिक बैंड ‘द रफियंस’ ने गीतों द्वारा शानदारी प्रस्तुति दी।
श्री आत्मवल्लभ जैन शिक्षा न्यास के अध्यक्ष अमरचंद बोरड़, उपाध्यक्ष शक्ति जैन, सदस्य शेर सिंह सचदेवा, जगदीश राजोतिया एवं अतिथियों ने गुरु मंदिर में माता वागीश्वरी, प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। दीप प्रज्वलन के बाद ‘द रफियंस’ ग्रुप ने माँ को समर्पित मोहम्मद रफी के गानों से शुरुआत कर समां बांध दिया। ‘द रफियंस’ के द्वारा 1 घंटे तक दी गई स्टेज परफॉर्मेंस ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित सभी अतिथिगण, माताएं एवं सभी आगंतुक इतने मग्न हो गए किस समय का किसी को आभास ही नहीं रहा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीगंगानगर विधायक राजकुमार गौड़़ थे तथा श्रीगंगानगर में मातृशक्ति को रिप्रेजेंट करती महिलाओं को भी विशिष्ट अतिथि के रुप में विद्यालय में आमंत्रित किया गया। मातृ दिवस पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्रीमती चंद्रकला (सबइंस्पेक्टर, श्रीगंगानगर), प्रीति गर्ग (कृषि अधिकारी) राजकुमारी जैन, एडवोकेट डॉ. शिखा जिंदल, डॉ. नेहा टांटिया तथा एकता महिला मंच अध्यक्ष समाजसेविका श्रीमती मंजू गर्ग को विधायक राजकुमार गौड़ द्वारा सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस कार्यक्रम की मुक्तकंठ से सराहना की।
विधायक राजकुमार गौड़ ने अपने सम्बोधन में कहा कि महिलाएं परिवार में अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आती है, परंतु किसी भी भूमिका को निभाते समय उनके माथे पर शिकन नहीं पड़ती। माता-पिता बहुत से विकट हालातों में संतानों को पाल-पोस कर बड़ा करते हैं, परंतु आजकल वृद्धााश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसका अर्थ है कि संतान अब माता-पिता को बोझ समझती है। मातृ दिवस के शुभ अवसर पर उन्होंने आह्वान किया कि जिस तरह माता-पिता संतानों को पाल-पोस कर समर्थ बनाते हैं तो उनकी असहाय अवस्था में देखभाल करना भी उन्हीं संतानों का ही फर्ज है। मातृ शक्ति विशिष्ट अतिथियों ने भी मातृ दिवस सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे माताओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिला है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय द्वारा मातृ दिवस सप्ताह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का परिणाम घोषित किया गया तथा दो लक्की कूपन भी निकाले गए एवं समस्त विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का समस्त माताओं, अतिथियों व आगंतुकों ने भरपूर आनंद लिया तथा विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में दिए गए जा रहे योगदानों की सराहना की। इस मौके पर सभी सम्मानित अतिथियों, रफियंस ग्रुप एवं समाजसेवी सुमेश शर्मा को सम्मान चिन्ह तथा गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रिंसीपल श्रीमती ममता अरोड़ा ने मातृ दिवस सप्ताह के सफल आयोजन के लिए समस्त माताओं, अतिथियों, अभिभावकों, विद्यालय स्टाफ एवं प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भारी संख्या में माताओं सहित गण्यमान्य व्यक्ति, अभिभावकगण, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यालय प्रबंध समिति पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
0 टिप्पणियाँ