सीटू का 17वां राज्य सम्मेलन झंडारोहण तथा विशाल रैली से हुआ शुरू- तीन दिवसीय सम्मेलन का 16 मार्च को होगा समापन

श्रीगंगानगर : भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) का तीन दिवसीय 17वां राज्य सम्मेलन रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पंचायती धर्मशाला में आयोजित किया गया है। प्रदेश महामंत्री का. बी.एस. राणा ने बताया कि प्रथम दिवस 14 मार्च, मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष का. रविन्द्र शुक्ला द्वाराझंडारोहण करने के साथ राज्य सम्मेलन विधिवत शुरू हुआ।


इससे पहले नेहरू पार्क से विशाल रैली निकाली गई, जो रविन्द्र पथ, गोल बाजार, स्टेशन रोड होते हुए जिला कलक्ट्रेट पहुंचकर आमसभा में तब्दील हो गई। यहाँ सीटू के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद का. तपन सैन, सीटू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का. एम.आई. बाबू, सीटू प्रदेशाध्यक्ष का. रविन्द्र शुक्ला, प्रदेश महामंत्री का. वी.एस. राणा, सीटू नेता रामेश्वर वर्मा, का. भूरामल स्वामी, का. हेतराम बेनीवाल, का. दुर्गा स्वामी, का. हरकेवलदीप सिंह तथा जिलाध्यक्ष का. मोहनलाल ने सम्बोधित किया।


श्रमिकों को सम्बोधित करते हुए सीटू के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद का. तपन सैन ने कहा कि देश आर्थिक गुलामी की ओर बढ़ रहा है। मजदूरों का रोजगार जा रहा है, मजदूर कानूनों को मालिकपरस्त बनाया जा रहा है। इसलिए जन विरोधी, राष्ट्र विरोधी व मजदूर विरोधी नीतियों में बदलाव लाने के लिए संघर्ष करना है। देश की 70 प्रतिशत सम्पदा 3 प्रतिशत पूंजीपतियों के पास एकत्र हो गई है। चन्द पूंजीपूतियों के फायदे के लिए नीति बन रही है।


17वें राज्य सम्मेलन में का. प्रदेशाध्यक्ष का. रविन्द्र शुक्ला द्वाराझंडारोहण करने के पश्चात् स्वागत भाषण का. मोहनलाल ने दिया। सम्मेलन का उदघाटन करते हुए सीटू के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद का. तपन सैन ने देश के वर्तमान हालात, चुनौतियों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर मजदूरों से 12 घंटे काम लिया जा रहा है। 


सम्मेलन को इंटक जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा, इंटक नेता कुणाल रावत, किसान सभा अध्यक्ष पेमाराम, एसफआई नेता सुभाष जाखड़, खेत मजदूर यूनियन नेत्री दुर्गा स्वामी, जनवादी महिला समिति नेत्री चन्द्रकलां ने भी सम्बोधित किया तथा केन्द्र व राज्य सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों पर आक्रोश व्यक्त किया। इस सम्मेलन में पूरे राजस्थान से सैंकड़ों प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन का समापन 16 मार्च, बृहस्पतिवार को होगा।








एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ