कैबिनेट मंत्री महेश जोशी ने किया फिल्म ‘नादानियां’ का पोस्टर लाँच- श्रीगंगानगर के प्रतिभाशाली कलाकार पारस सारस्वत निभा रहे हैं मुख्य अभिनेता की भूमिका - राजस्थानी भाषा व संस्कृति को जीवित रखने के लिए राजस्थानी फिल्मों का निर्माण जरूरी
श्रीगंगानगर : परीक्षा के दिनों में होने वाले तनाव पर आधारित फिल्म ‘नादानियां’ का पोस्टर लाँच हो गया है। जयपुर में हुए कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री महेश जोशी ने फिल्म ‘नादानियां’ का पोस्टर लाँच किया। उन्होंने कहा कि राजस्थानी भाषा व संस्कृति को जीवित रखने के लिए राजस्थानी फिल्मों का निर्माण जरूरी है। यह फिल्म उन बच्चों पर आधारित है, जो परीक्षा में फेल हो जाने पर डिप्रेशन का शिकार होकर आत्महत्या करने का कदम उठा लेते हैं। फिल्म में मुख्य अभिनेता (हीरो) की भूमिका श्रीगंगानगर के निकटवर्ती ग्राम नाथांवाला के प्रतिभाशाली युवा कलाकार पारस सारस्वत द्वारा निभाई गई है। यह फिल्म जल्द ही नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले पारस सारस्वत कई फिल्मों सीरियल व गानों में हीरो की भूमिका में नजर आ चुके हैं तथा प्रतिभा की छाप छोड़ चुके हैं। पारस सारस्वत ने राज्य सरकार से माँग की है कि राजस्थानी भाषा को सरकार मान्यता दे तथा दूसरे राज्यों की तरह राजस्थानी फिल्मों को भी सब्सिडी दी जाए एवं सिनेमाघरों को प्रतिमाह राजस्थानी फिल्म आवश्यक रूप से दिखाने के लिए निर्देश जारी किए जाएं। इसके साथ-साथ राजस्थान में फिल्म सिटी स्थापित करने की भी माँग की गई है।
पारस सारस्वत की इस उपलब्धि पर भाजपा नगर मण्डल पूर्वी क्षेत्र अध्यक्ष सुशील अरोड़़ा, एडवोकेट इन्द्रजीत चावला, एडवोकेट प्रेमदीप सैन सहित अनेक गण्यमान्य व्यक्तियों ने खुशी का इजहार करते हुए, उनकी फिल्म ‘नादानियां’ की सफलता की कामना की है। इस अवसर पर डायरेक्टर राहुल वर्मा, अभिनेता क्षितिज कुमार, निर्माता वंश यादव, मनोज यादव सहित टीम सदस्य व गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


0 टिप्पणियाँ