यूथ कांग्रेस द्वारा काले दूषित पानी से निजात दिलाने की माँग को लेकर 18 जून को किया जाएगा विरोध प्रदर्शन - Youth Congress will protest on June 18 demanding to get rid of black contaminated water

यूथ कांग्रेस द्वारा काले दूषित पानी से निजात दिलाने की माँग को लेकर 18 जून को किया जाएगा विरोध प्रदर्शन - Youth Congress will protest on June 18 demanding to get rid of black contaminated water

श्रीगंगानगर, 15 जून 2023: यूथ कांग्रेस द्वारा पंजाब से नहरों में आ रहे कैमिकलयुक्त जहरीले काले दूषित गंदे पानी की समस्या से निजात दिलाने की माँग को लेकर 18 जून, रविवार को यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष करण सहारण के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिमांशु गोदारा ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर बृहस्पतिवार को जयपुर में यूथ कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में श्रीगंगानगर जिले के सभी विधानसभा अध्यक्षों की बैठक हुई, जिसमें पंजाब सरकार द्वारा कैमिकलयुक्त काले जहरीले दूषित पानी की रोकथाम के लिए कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं करने पर भारी आक्रोश व्यक्त किया गया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष करण सहारण, प्रदेश महासचिव अजय बिश्नोई, प्रदेश सचिव सरवर जसलेरा, सादुलशहर विधानसभा अध्यक्ष अरविंदर गिल, करणपुर विधानसभा अध्यक्ष मनीष मिगलानी, गंगानगर विधानसभा अध्यक्ष नवाब खान, सूरतगढ़ विधानसभा अध्यक्ष नवीन गोदारा, रायसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष खुशप्रीत सिंह, अनूपगढ़ विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल करीम, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष हिमांशु सिसोदिया व पूर्व प्रदेश महासचिव रजत शर्मा आदि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष करण सहारण ने कहा कि पंजाब से फैक्ट्रियों, औद्योगिक इकाईयों तथा सीवरेज का गंदा कैमिकलयुक्त जहरीला दूषित काला पानी काफी लम्बे समय से श्रीगंगानगर जिले की जीवनदायिनी नहरों में आ रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को कैंसर, पेट के रोग सहित अनेक घातक बीमारियां हो रही हैं तथा भारी संख्या में क्षेत्रवासी काल-कलवित हो चुके हैं। लेकिन अत्यंत दुखद है कि आम आदमी पार्टी द्वारा जनजीवन से जुड़ी इस विकराल समस्या के निराकरण के लिए कोई रूचि नहीं ली जा रही है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। आम आदमी पार्टी किसानों के मुद्दों को लेकर भी गम्भीर नहीं है तथा भाखड़ा नहर में पानी देने के वादे से मुकरकर आम आदमी पार्टी ने अपना असली रंग दिखा दिया है। उन्होंने घोषणा की कि जिलेभर से यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा 18 जून, रविवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के श्रीगंगानगर आगमन पर उन्हें काले झण्डे दिखाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा पंजाब से श्रीगंगानगर की नहरों में आ रहे कैमिकलयुक्त जहरीले काले दूषित गंदे पानी पर अंकुश लगाने तथा नहरों में पूरा पानी चलाने की माँग की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों व किसानों को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ